प्रयागराज : डेंगू के मरीज की कथित रूप से प्लेटलेट्स की जगह मौसमी का जूस चढ़ाने से मौत, अस्पताल सील - UP News


प्रयागराज में डेंगू पेशेंट को प्लेटलेट्स की जगह मौसमी का जूस चढ़ाने की वजह से जान गंवाने का आरोप है. यह सनसनीखेज मामला प्रयागराज के झलवा इलाके से जुड़ा है. डेंगू होने के चलते प्रदीप कुमार पाण्डेय को एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. आरोप है कि यहीं मरीज को प्लेटलेट्स की जगह मौसमी का जूस चढ़ा दिया गया, जिससे उसकी जान चली गई. मामले के सोशल मीडिया में आने के बाद प्रशासन ने अस्पताल को सील कर दिया है. 

प्रदीप कुमार पाण्डेय के साले सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि जब उसके जीजा प्रदीप कुमार पाण्डेय की प्लेटलेट्स घटने लगी और 12-13 हज़ार तक पहुंच गई तो अस्पताल के डॉक्टरों ने उनसे 8 यूनिट प्लेटलेट्स का इंतजाम करने को कहा. इसके बाद प्रदीप कुमार पाण्डेय के परिजनों ने 3 यूनिट प्लेटलेट्स मैनेज किए. इससे प्रदीप की हालत में थोड़ा सा सुधार हुआ लेकिन बाकी पांच यूनिट प्लेटलेट्स नहीं मिल पा रहे थे.

इस दौरान अस्पताल की बिल्डिंग के मालिक के बेटे सतीश साहू ने उनसे 5 यूनिट प्लेटलेट्स का इंतज़ाम करने के बदले में 25 हज़ार रुपये की मांग की. हारकर प्रदीप के घर वालों ने सतीश साहू से 25000 रुपये में 5 यूनिट प्लेटलेट्स खरीद लिए, लेकिन जब प्रदीप को प्लेटलेट्स चढ़ने लगा तो उनकी हालत बिगड़ने लगी और अस्पताल प्रबंधन ने हाथ खड़े कर दिए. अस्पताल की तरफ से कहा गया कि प्रदीप को कहीं और ले जाने को कहा जाने लगा.

प्रदीप के घर वाले 18 अक्टूबर को उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे लेकिन अब तक प्रदीप की हालत बहुत बिगड़ चुकी थी. प्रदीप की किडनी डैमेज हो चुकी थी. कई नसें फट चुकीं थीं. इस दौरान 25000रुपये में खरीदे गए 5 यूनिट प्लेटलेट्स में से बची एक यूनिट प्लेटलेट्स प्रदीप के घर वालों ने उस निजी अस्पताल के डॉक्टरों को दिखाया तो उन्होंने कहा इसमें प्लेटलेट्स नहीं है, बल्कि प्लेटलेट्स की जगह मौसमी का जूस है और केमिकल भी मिला हुआ है.

Post a Comment

To be published, comments must be reviewed by the administrator *

Previous Post Next Post
Post ADS 1
Post ADS 1